Himachal Tonite

Go Beyond News

एशियाई खेलों की पदक विजेता सीमा को उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने किया सम्मानित

चंबा, 6 अक्तूबर
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने आज जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश एवं जिला चंबा का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी सीमा तथा उनके परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया।
उपायुक्त ने सीमा को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सीमा की उपलब्धि जिले के युवाओं, विशेषकर दूरदराज क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सीमा को जीवन में निरंतर नई ऊंचाइयां हासिल करने तथा आगामी ओलंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उपायुक्त ने सीमा से उनकी खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण, अभ्यास एवं दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जिले के अत्यंत दूरदराज क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना सीमा की कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि सीमा की सफलता ने पूरे जिला चंबा को गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं, विशेषकर ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के खिलाड़ियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उपायुक्त ने सीमा एवं उनके परिवार को भविष्य में भी निरंतर सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *