बिजली की तारें बदलते समय मजदूर की मौत
बिलासपुर जिले के घागस कस्बे के साथ लगती देवली पंचायत में बिजली की तारें व खंभा बदलने के कार्य के दौरान एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार जितेंद्र (20) निवासी हरदोई-उत्तर प्रदेश देवली के सरड़ गांव में ठेकेदार के माध्यम से बिजली की तारें बदलने का काम कर रहा था। उसके साथ नीलकमल नामक दूसरा मजदूर भी था।
विद्युत लाइन का हैंडल ग्रिप ऊपर करते समय अचानक तारों में स्पार्किंग के साथ ही जोरदार धमाका भी हुआ। इससे जितेंद्र नीचे गिर गया और बेहोश हो गया। नीलकमल के शोर मचाने पर वहां लोग एकत्रित हो गए। ठेकेदार की गाड़ी में जितेंद्र को उपचार के लिए तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

