प्रदेश में 27 से खुलेंगे स्कूल
शिमला, 24 सितंबर : हिमाचल प्रदेश में स्कूलों को खोलने को लेकर कैबिनेट ने आज अहम फैसला लेते 27 सितंबर से स्कूलों को खोलने की अनुमति दे दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न मंत्रिमंडल की बैठक में नौवीं से लेकर 12 वीं कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया गया। स्कूलों को सरकार द्वारा जारी कोविड-19 के सभी दिशा -निर्देशों का पालन करना होगा।
शिफ्टों में लगेंगी 9वीं से 12वीं तक कक्षाएं:
कोरोना महामारी व छात्रों की संक्रमण से सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में कक्षाएं शिफ्टों में संचालित की जाएगीं। जिसके अनुसार सप्ताह के पहले 3 दिन 10वीं और 12वीं के छात्र स्कूल आएंगे जबकि अगले 3 दिन 9वीं और 11वीं के छात्रों की कक्षाएं लगाई जाएगीं।
स्कूल खोलने की जा रही थी मांग,विभाग भी था तैयार:
गौरतलब है कि लंबे समय से प्रदेश में बंद स्कूल चल रहे स्कूलों को 25 सितंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया गया था लेकिन अभिभावकों और छात्रों की ओर से स्कूल खोलने की मांग सरकार व शिक्षा विभाग के पास आ रही थी। वहीं मांगो पर गौर करते हुए शिक्षा विभाग ने भी स्कूलों को खोलने से संबंधित माइक्रो प्लान तैयार कर लिया था। जिसे आज कैबिनेट में रखा गया और चर्चा के बाद कैबिनेट ने स्कूलों को खोलने की मंजूरी दे दी ।

