Himachal Tonite

Go Beyond News

शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेल जरूरी: बिक्रम ठाकुर

1 min read

बाबा कांशीराम क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेताओं को बांटे पुरस्कार
देहरा 05 जुलाई: खेलों का मानव जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है, इससे व्यक्ति का सर्वांगीण विकास संभव है। खेलों के माध्यम से व्यक्ति में स्वस्थ मन और शरीर के साथ नेतृत्व की क्षमता, आपसी सामंजस्य सहित टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास होता है। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के कोटला बेहड़ में पहाड़ी गांधी बाबा कांशीराम को समर्पित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने यह शब्द कहे। एक महीने तक चली इस क्रिकेट प्रतियोगिता में जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के लगभग हर पंचायत की टीमों ने हिस्सा लिया। देश के स्वतंत्रता आंदोलन में सत्याग्रह के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पहाड़ी बाबा कांशीराम के जीवन संघर्ष और योगदान को युवाओं से परिचित करवाने हेतु उनके नाम पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
उद्योग मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि पहाड़ी गांधी बाबा कांशीराम का संबंध जसवां परागपुर के डाडासीबा से रहा। उन्होंने कहा कि पहाड़ी गांधी के नाम से प्रसिद्ध बाबा कांशीराम के जीवन के प्रेरणा लेकर क्षेत्र का हर युवा समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए इस हेतु उनके नाम से ऐसी खेल प्रतियोगिताएं करवाने का विचार उनके मन में आया। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि उन्हें हर्ष है कि पूरे विधानसभा क्षेत्र के युवाओं ने बढ़ चढ़कर इस प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़े व्यक्ति में अनेक प्रकार के गुण स्वतः ही आ जाते हैं। जिसके कारण खेलों के माध्यम से सम्पूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण सम्भव है। उन्होंने कहा कि खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने वाले युवा समाज के बेहतर विकास के लिए वरदान साबित होते हैं। इसी कारण खोलों में विशेष वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में समाज हित के उद्देश्य से विशेष रूप से स्थान आरक्षित होते हैं। खेल ना केवल युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं अपितु मानसिक रूप से भी उन्हें सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने से युवा ना केवल नशा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों से बचते हैं अपितु समाज में एक स्वस्थ वातावरण का निर्माण होता है।
बिक्रम ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को 41000 रुपए, उपविजेता को 21000 रुपए एवं तृतीय व चतुर्थ स्थान पर आने वाली टीमों को 11000 व 5100 रुपए दिए जाएँगे। इसके अतिरिक्त पूरी प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एलईडी टीवी दिया जाएगा। प्रतियोगिता में पुरस्कार प्राप्त करने वाली टीमों में बणी, घूरूर, कोलापुर व लंडियारा रही।
उन्होंने कहा कि जसवां परागपुर खेल के क्षेत्र में भी प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन करे इसके लिए वह युवाओं को हर व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *