Himachal Tonite

Go Beyond News

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश

शिमला 07 अक्टूबर, 2026

आयुक्त (मंदिर) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आम जनता की सुरक्षा, सुविधा तथा स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नवरात्रि पर्व 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर, 2026 तक मनाया जाएगा तथा 20 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के तहत मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, कानून-व्यवस्था कायम रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रवेश एवं निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग चिन्हित करने तथा त्वरित प्रतिक्रिया दल और चिकित्सा सहायता दलों को तैयार रखने को कहा गया है।
नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ अस्थायी शौचालय, पेयजल तथा कूड़ेदान की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय निकायों को चौबीसों घंटे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया है। मंदिरों के समीप प्राथमिक उपचार केंद्र एवं एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध रखने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के तहत उचित ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू करने, पर्याप्त पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर इसकी जानकारी आम जनता को पहले से उपलब्ध करवाने तथा मार्ग, पार्किंग एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली का उपयोग करने को कहा गया है।
मंदिर परिसरों एवं संपर्क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, विद्युत एवं जलापूर्ति विभागों के साथ समन्वय कर निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने तथा महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। जाखू मंदिर में एस्केलेटर सुविधा को एकतरफा एवं उचित दिशा में संचालित करने के लिए भी कहा गया है।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने तथा नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से नवरात्रि पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने तथा जारी निर्देशों की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
-०-

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *