Himachal Tonite

Go Beyond News

संजय अवस्थी ने तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सायर मेले का किया विधिवत शुभारम्भ

सोलन दिनांक 17.09.2026

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने आज अर्की के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सायर मेले का शुभारंभ किया।
उन्होंने इस अवसर पर परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार ऐतिहासिक एवं प्राचीन माँ काली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा समृद्धि के प्रतीक झोटे पूजन के साथ तीन दिवसीय सायर मेले का शुभारंभ किया।
विधायक ने सायर मेले के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अर्की का सायरोत्सव मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे मेलों के माध्यम से हमारी लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और पारंपरिक मान्यताएं भावी पीढ़ी तक पहुंचती हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहचान यहां की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और मेलों से भी जुड़ी हुई है। मेले केवल मनोरंजन अथवा उत्सव का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह समाज को एक-दूसरे के करीब लाने तथा आपसी मेल-जोल और भाईचारे को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर भी प्रदान करते हैं।
विधायक ने कहा कि सायरोत्सव मेले की अपनी विशिष्ट पहचान और परंपरा है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से मेले की गरिमा और पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखते हुए अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *