वीरेंद्र कंवर ने खैरी में किया निर्माणाधीन गौ अभयारण्य का निरीक्षण
हमीरपुर 06 अप्रैल- ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मंगलवार को सुजानपुर के निकट खैरी में निर्माणाधीन गौ अभयारण्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौ अभयारण्य का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने तथा यहां पशुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेसहारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान और इन पशुओं को छत मुहैया करवाने के लिए कृत संकल्प है। इस दिशा में सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं और प्रदेश भर में गौ सदनों और गौ अभयारण्यों के निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान किया है। गौ सदनों और गौ अभयारण्यों के संचालन के लिए गौ सेवा आयोग के माध्यम से भी धनराशि मुहैया करवाई जा रही है। मिल्क फेडरेशन का भी सहयोग लिया जा रहा है। वीरेंद्र कंवर ने बताया कि खैरी के गौ अभयारण्य पर ढाई करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च की जा रही है। इसमें सैकड़ों बेसहारा पशुओं को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी तथा क्षेत्र के किसानों को बेसहारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाई जाएगी।

