जेबीटी के 40 चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन 23 अक्तूबर को
ऊना, 12 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर द्वारा जेबीटी (जूनियर बेसिक टीचर) के चयनित 40 अभ्यर्थियों की सूची जिला ऊना में रिक्त पदों को भरने के लिए उप निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा, ऊना के कार्यालय में प्राप्त हुई है। चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन 23 अक्तूबर को प्रातः 10 बजे उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना के कार्यालय में किया जाएगा।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना सोमलाल धीमान ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा मूल प्रमाण पत्रों की एक सत्यापित प्रति सहित उपस्थित होने का आग्रह किया है, ताकि सत्यापन की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा सके।
*जरूरी दस्तावेजों की सूची *
उन्होंने बताया कि सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को मैट्रिक, जमा दो, टेट, जेबीटी प्रमाण पत्र, हिमाचल प्रदेश का प्रमाण पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी नवीनतम चरित्र प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित प्रमाण पत्र, नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो, खंड विकास अधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित बीपीएल प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय के कार्ड की प्रति तथा शैक्षणिक योग्यता से संबंधित अन्य प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे।
वेबसाइट पर उपलब्ध है चयनित अभ्यर्थियों की सूची
सोमलाल ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की सूची और बायोडाटा फॉर्म उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना के कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.ddeuuna.in पर उपलब्ध हैं। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों से आह्वान किया कि वे सत्यापन से पहले सूची एवं बायोडाटा फॉर्म का अवलोकन कर लें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

