लोगों के घर-द्वार पहुंचकर समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता: केवल सिंह पठानिया
रिड़कमार में सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम, लोगों की समस्याएं सुनीं
शाहपुर, 24 सितम्बर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी क्षेत्र के रिड़कमार में आज सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने क्षेत्र की 11 पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में यह पहला सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शुरू किए गए इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों के घर-द्वार पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में सामने आई समस्याओं पर की गई कार्रवाई की एक माह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने एचआरटीसी अधिकारियों को धारकंडी से टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए बस सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बच्चों की समस्या पर आश्वासन दिया कि स्कूल में बायोलॉजी का पद शीघ्र भरा जाएगा। लोक निर्माण विभाग को बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि धारकंडी क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान विभिन्न सड़कों के निर्माण पर लगभग 65 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि दरीणी अस्पताल में डॉक्टरों के चार पद शीघ्र भरे जाएंगे। वहीं शाहपुर-कुठारना-करेरी के लिए बस सेवा शुरू करने की भी जानकारी दी। दरीणी-भलेड़ सड़क पर 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे तथा किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए दरीणी कूहल को भी शीघ्र दुरुस्त करवाया जाएगा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को दरीणी स्कूल से घरनी गांव के लिए वीर चक्र से सम्मानित राम सिंह जमवाल जी के घर तक सड़क बनाने के निर्देश दिए ।
कार्यक्रम में धारकंडी की 11 पंचायतों के लोगों ने सड़कों, डंगों, तालाबों, बस सेवा सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित 55 मामले प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने की (चिट्ठामुक्त हिमाचल) शपथ भी दिलाई गई
*प्रशासन ने दिया समाधान का भरोसा*
अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया कि कार्यक्रम में सामने आई जिला स्तर की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री के ‘चिट्ठामुक्त हिमाचल’ अभियान में योगदान देते हुए चिट्ठामुक्त पंचायत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने भी उपमुख्य सचेतक को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी और कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।
कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने केवल सिंह पठानिया का स्वागत किया। स्थानीय प्रधान ने धारकंडी क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आभार जताया। जिप सदस्य संदीप ने भी लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्य सचेतक का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. ओमेश भारती ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का उपमुख्य सचेतक ने अवलोकन भी किया।

