Himachal Tonite

Go Beyond News

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लेने कुल्लू पहुंची केंद्रीय टीम

कुल्लू, 29 सितंबर : मानसून सीजन के दौरान भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन से जिला कुल्लू में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम मंगलवार को कुल्लू पहुंची। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जिला के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान की स्थिति का जायजा लिया। केंद्रीय दल में जल शक्ति मंत्रालय के निदेशक प्रकाश चंद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. सुभाष चंद्र, ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक रामावतार मीणा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के कार्यकारी अभियंता शाश्वत महापात्रा, वित्त मंत्रालय के उप निदेशक कनव दुआ तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र, हैदराबाद के वैज्ञानिक डॉ. श्री शशिवर्धन रेड्डी शामिल रहे। अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश सरकार के अतिरिक्त सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन) सुनील वर्मा भी दौरे के दौरान उपस्थित रहे।
ओट पहुंचने पर एडीएम सुरजीत सिंह राठौर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय टीम का स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय दल ने सैंज क्षेत्र के विभिन्न प्रभावित स्थलों का दौरा किया तथा प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की जानकारी प्राप्त की।
केंद्रीय टीम ने सैंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुचैण के मातला गांव का दौरा किया। यहां टीम ने जमीन धंसने से प्रभावित मकानों और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं नुकसान की जानकारी ली।
इसके उपरांत केंद्रीय दल ने सैंज जल विद्युत परियोजना, सिउण्ड पुल तथा सैंज बाजार का भी निरीक्षण किया। टीम ने विभिन्न स्थानों पर प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की स्थिति का स्थलीय जायजा लिया।
निरीक्षण के उपरांत एनएचपीसी विश्राम गृह, बिहाली में जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण सड़कों, पेयजल योजनाओं, कृषि, बागवानी, विद्युत व्यवस्था, सरकारी तथा लोगों की निजी संपत्ति को हुए नुकसान का विस्तृत ब्यौरा केंद्रीय टीम के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *