19 सितम्बर से रावमापा में दिव्यांगजनों की सहायतार्थ शिविर का आयोजन
धर्मशाला, सितम्बर: जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त, डॉ. निपुण जिन्दल ने जानकारी देते हुए बताया कि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3041 और रत्नानिधि चैरिटेबल ट्रस्ट, मुम्बई के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, डिपो बाजार धर्मशाला में 19 सितम्बर से 21 सितम्बर, 2021 तक प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक दिव्यांगजनों की सहायतार्थ शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति किसी प्रकार की बीमारी, दुर्घटना या जन्मजात शारीरिक रूप से दिव्यांग है और उनको चलने-फिरने की सुविधा के लिए कृत्रिम अंग जैसे टांग, हाथ व कैनिपर्स, बैसाखियां इत्यादि की सुविधा की आवश्यकता है, तो वह अपना आधार कार्ड लेकर इस शिविर में उपस्थित होकर कृत्रिम अंग वितरण के लिए अपना पंजीकरण करवा सकते हैं और कृत्रिम अंग के लिए अपना नाप भी दे सकते हैं। आधार कार्ड के अलावा किसी अन्य दस्तावेज को लाने की आवश्यकता नहीं है।

