MTB शिमला साइकिल रेस : 12 राज्य के 88 साइकिलिस्ट ले रहे भाग
शिमला, 22 अप्रैल : एमटीबी शिमला साइकिल रेस का 10वां ऑडिशन शुक्रवार से शुरू हो गया है। 23 अप्रैल तक शिमला की पहाड़ियों में साइकिल का रोमांच देखने को मिलेगा। इस प्रतियोगिता में देश भर के 22 शहरों व 12 राज्यों के 88 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। साइकिल रैली का शुभारंभ पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने रिज मैदान से हरी झंडी दिखाकर किया।
हस्तपा और साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ हिमाचल के अध्यक्ष मोहित सूद ने बताया कि 10 साल पहले शिमला में एमटीबी साइकिल रैली का शुभारंभ किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य इस पहाड़ी व सुंदर क्षेत्र में साइकिलिंग जैसे खेल को बढ़ावा देना था। इस उद्देश्य में साइकिल एसोसिएशन काफी हद तक कामयाब रही है, क्योंकि अब शिमला से सबसे अधिक प्रतिभागी ऐसी साइकिल प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं व राष्ट्रीय स्तर तक अचीवमेंट प्राप्त किए हुए हैं।
वहीं इस रैली को लेकर देश भर से शिमला पहुंचे छोटे बच्चों से लेकर युवा काफी उत्साहित नजर आए। ये प्रतिभागी जहां प्रतियोगिता के लिए उत्साहित नजर आए वहीं शिमला के पहाड़ी व ऐतिहासिक ट्रैक के लिए भी इनमें खासा उत्साह नजर आया।

