Himachal Tonite

Go Beyond News

दिल्ली में फिर मंडी जिला का डंका, स्वास्थ्य खंड संधोल के पीपली वेलनेस सेंटर को मिला राष्ट्रीय सम्मान

मंडी 13 दिसम्बर । स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतरीन सेवाओं के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मंडी जिला का डंका बजा है। जिला मंडी के स्वास्थ्य खंड संधोल के अंतर्गत आने वाले हैल्थ वैलनेस सैंटर पीपली को बेहतरीन प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार से नवाजा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा यूनिवर्सल हैल्थ कवरेज दिवस 2021 के उपलक्ष्य में 13 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित समारोह में हैल्थ वैलनेस सैंटर पीपली के तीन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने दी ।
डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने बताया कि हैल्थ वैलनेस सैंटर पीपली की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी नूरजहां, मल्टीपर्पस स्वास्थ्य कार्यकर्ता विपिन कुमार और आशा कार्यकर्ता कौषल्या देवी को दिल्ली में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। डॉ. शर्मा ने स्वास्थ्य वैलनेस सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों व संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की ।
उन्होंने बताया कि हैल्थ वैलनेस सैंटर पीपली पुरस्कार के लिए किए गए सर्वे में स्वास्थ्य के विभिन्न मानकों में 100 में से 95 फीसदी मानकों पर खरा पाया गया है।  जिसके परिणाम स्वरूप भारत सरकार ने हैल्थ वैलनेस सैंटर पीपली को राष्ट्रीय स्तर के सम्मान के लिए चुना ।
उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान स्वास्थ्य क्षेत्र में मंडी जिले के बेहतरीन कार्य की एक और मिसाल है। जिला में 85 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 245 स्वास्थ्य उप केंद्र वैलनैस सैंटर में परिवर्तित किए जा चुके हैं, जिसमें सम्पूर्ण स्वास्थ्य देखभाल की सुविधा जनमानस के लिए प्रदान की जा रही है । उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की जिला की संपूर्ण टीम को भी बेहतर कार्य के लिए सराहा और आगे भी इसी तरह कार्य करने का आग्रह किया।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *