Himachal Tonite

Go Beyond News

प्रदेश के प्रत्येक गांव को प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना से जोड़ने का अनुरोध 

1 min read

चम्बा,11 मार्च– कांगड़ा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सांसद किशन कपूर ने हिमाचल प्रदेश के सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों में प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों के निर्माण को तेज गति प्रदान करने का केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय से अनुरोध किया है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के 18,711 में से गत फरवरी महीने तक केवल 13,997 गांवों को सम्पर्क सड़कों से जोड़ा गया है। जबकि 4404 गांवों सम्पर्क सड़कों से वंचित हैं जिससे  प्रदेश के 6,36,549 लोगों को यह सुविधा प्राप्त नहीं हो रही।

गत दिन लोक सभा में प्रदेश के  दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्र सम्पर्क सड़कों के सम्बंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सांसद किशन कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चीन से लगते लाहुल-स्पीति व किन्नौर के सम्बंध में तो केंद्र ने जानकारी प्रदान कर दी है लेकिन प्रदेश के सबसे अधिक आकांक्षी ज़िला चम्बा के विषय में जानकारी नहीं दी गयी। जबकि चम्बा ज़िला की पाकिस्तान से हवाई दूरी बहुत कम है।

उन्होंने कहा कि चम्बा क्षेत्र के डलहौज़ी सर्कल में 315 गांव के 82,464 लोग सम्पर्क सड़कों की सुविधा से वंचित हैं। जिसके परिणामस्वरूप इन क्षेत्रों के  युवा रोजगार की तलाश में इन क्षेत्रों से पलायन कर रहे है। उन्होंने कहा कि  इसी तरह कांगड़ा ज़िला के पालमपुर तथा नूरपुर सर्कल के अंतर्गत 307 गांवों के 18,582लोगों को भी अभी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सम्पर्क सड़क की सुविधा प्राप्त नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि इन गांवों के लिए केंद्र सरकार को जनसंख्या सम्बन्धी व अन्य  मानकों के सम्बंध में छूट देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इन छूटी हुई बस्तियों में से 3851 ऐसी बस्तियां हैं जिनकी जनसंख्या 250 से कम है।

सांसद किशन कपूर ने कहा कि वे शीघ्र ही केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री से भेंट कर उन्हें स्थिति से अवगत कराएंगे ताकि जल्द ही प्रदेश के इन छूटे हुए गांवों को सम्पर्क-सड़क की सुविधा से जोड़ा जा सके।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *