Himachal Tonite

Go Beyond News

लोगों को वर्चुअल माध्यम से घर में ही योगाभ्यास करवा रहे हैं आयुर्वेद चिकित्सक

हमीरपुर 09 जून – हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ किए गए ‘आयुष घर-द्वार’ अभियान के दूसरे चरण में कोरोना संक्रमित लोगों के अलावा अब आम लोग भी घर में ही योग एवं आयुर्वेद के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कर रहे हैं। वे वर्चुअल माध्यम से आयुर्वेदिक चिकित्सकों के साथ जुडक़र योग, ध्यान और प्राणायाम का अभ्यास कर रहे हैं।
हमीरपुर जिला में भी ‘आयुष घर-द्वार’ अभियान के बहुत ही अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं।  जिला आयुष अधिकारी डॉ. सरिता राणा ने बताया कि हमीरपुर जिला में अभियान के दूसरे चरण के लिए चार ग्रुप बनाए गए हैं। पहले ग्रुप में आम लोगों और किन्हीं कारणों से कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को शामिल किया गया है। दूसरे ग्रुप में कोरोना संक्रमित मरीज, तीसरे ग्रुप में वृद्ध लोग, 6 वर्ष से अधिक आयु के बच्चे, गर्भवती एवं धात्री महिलाएं, आयुर्वेदिक चिकित्सक एवं कर्मचारी रखे गए हैं। कोरोना संक्रमण के बाद स्वस्थ हुए लोगों को चौथे गु्रप में रखा गया है।

जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि आयुर्वेदिक चिकित्सक हर रोज इन अलग-अलग समूहों में लोगों को योगाभ्यास करवा रहे हैं तथा आयुर्वेद के संबंध कई महत्वपूर्ण जानकारियां दे रहे हैं। बुधवार को भी आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. शिवानी शर्मा और अन्य चिकित्सकों ने आम लोगों से वर्चुअल माध्यम से जुडक़र योगाभ्यास करवाया। इन सत्रों में बड़ी संख्या में बच्चों और बुजुर्गों ने भी भाग लिया।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *