Himachal Tonite

Go Beyond News

नालसा की मुफ्त कानूनी सहायता योजना का लाभ उठाएं पात्र लोग : जेके शर्मा

हमीरपुर 13 नवंबर। आजादी के 75वें वर्ष और राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य पर नालसा द्वारा 2 अक्तूबर से आरंभ किए गए 45 दिवसीय देशव्यापी अभियान के तहत जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने शनिवार को पक्का भरो स्थित एडीआर सेंटर में एक विधिक जागरुकता शिविर आयोजित किया। प्राधिकरण के अध्यक्ष और जिला एवं सत्र न्यायधीश जेके शर्मा ने इस जागरुकता शिविर की अध्यक्षता की। शिविर के दौरान लोगों को कानूनी जानकारियों के साथ-साथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रमिकों और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए जेके शर्मा ने कहा कि नालसा की मुफ्त कानूनी सहायता योजना और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गरीब एवं जरुरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण इस तरह के जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने बताया कि आम लोगों विशेषकर गरीबों को न्याय सुलभ बनाने के लिए नालसा ने मुफ्त कानूनी सहायता योजना आरंभ की है। पात्र लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
शिविर के दौरान मुफ्त कानूनी सहायता योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश नरेश कुमार ने बताया कि एससी-एसटी वर्ग के लोग, विकलांग, महिलाएं, बच्चे, आपदा पीडि़त और सालाना तीन लाख रुपये से कम आय वाले लोग मुफ्त कानूनी सहायता योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया भी बहुत ही सरल है। पात्र लोग संबंधित न्यायिक परिसर में स्थापित फ्रंट ऑफिस में सादे कागज पर आवेदन करके इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कांता वर्मा ने घरेलू हिंसा रोधी अधिनियम, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सिद्धार्थ सरपाल ने कामगार मुआवजा अधिनियम और न्यायिक दंडाधिकारी शिखा लखनपाल ने सीआरपीसी की धारा-125 की जानकारी दी। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक संतोष कुमार सिन्हा ने बैंकों की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, तहसील कल्याण अधिकारी राकेश पुरी ने कल्याण विभाग की योजनाओं और कृषि प्रसार अधिकारी सुधीर कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाया। पुलिस थाना हमीरपुर के एसएचओ निर्मल कुमार ने गिरफ्तार व्यक्ति के अधिकारों और जिला बाल संरक्षण इकाई की अधिकारी संतोष कुमारी ने बच्चों से संबंधित योजनाओं के बारे में बताया।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *