उद्योग मंत्री ने डाडासीबा में अल्ट्रासाउंड मशीन की लोगों को समर्पित
देहरा 16 जुलाई: उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने आज शुक्रवार को जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के डाडासीबा अस्पताल में 15 लाख की लागत से स्थापित की गयी अल्ट्रासाउंड मशीन को क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि लम्बे समय से क्षेत्र के लोगों की मांग थी कि क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड और अन्य जरूरी टेस्ट के लिए सरकारी अस्पताल में सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि इस हेतु उन्होंने एक नामी फार्मा कंपनी से बात की और आज उनके माध्यम से डाडासीबा अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध करवाकर क्षेत्र की जनता को समर्पित की। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त रोगी कल्याण समिति के माध्यम डाडासीबा अस्पताल में 7.5 लाख की लागत से आॅटो एनालाईजर मशीन भी स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि आॅटो एनालाईजर मशीन के स्थापित होने से अब अधिकतम टेस्ट की सुविधा डाडासीबा अस्पताल में ही उपलब्ध होगी। जिससे एक तरफ तो लोगों के पैसी बचेंगे और उपर से उपचार भी समय से हो पायेगा। उद्योग मंत्री ने बताया कि क्षेत्र के लोगों के लिए कस्बा कोटला और पीर सलूही में डिजिटल एक्स-रे की सुविधा भी उन्होंने उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 6.86 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों वाले डाडासीबा अस्पताल का कार्य भी जल्द शुरू हो जाएगा। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में लोगों को बहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए वह हर संभव प्रयास कर रहे हैं और आने वाले समय में जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में उत्कृष्ट स्वास्थ्य ढांचा उपलब्ध होगा। इस अवसर पर सीएमओ काँगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं सम्बंधित जानकारी सबके समक्ष रखी। इस अवसर पर एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर, डीएसपी देहरा अंकित शर्मा, बीएमओ डाडासीबा डॉ सुभाष ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

