Himachal Tonite

Go Beyond News

मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया है बहुत ही सरल : कुलदीप शर्मा

आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए नालसा ने आरंभ की हैं कई योजनाएं

हमीरपुर 08 सितंबर। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने मंगलवार को न्यू गुरुकुल स्कूल गोपालनगर में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए नालसा ने कई योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं में मुफ्त कानूनी सहायता योजना सबसे महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने बताया कि एससी-एसटी वर्ग के लोग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, आपदा पीड़ित, अत्याचार पीड़ित, श्रमिक, किन्नर, कैदी और सालाना 3 लाख रुपये से कम आय वाले सभी वर्गों के लोग मुफ्त कानूनी सहायता योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया बहुत ही सरल है। किसी भी न्यायालय परिसर में स्थापित फ्रंट आफिस में जाकर पात्र लोग मुफ्त कानूनी सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। मानव तस्करी के शिकार लोगों, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, नशे के जाल में फंसे लोगों, किसी भी तरह के अत्याचार और तेजाब हमलों की शिकार महिलाओं की मदद के लिए भी नालसा ने योजनाएं आरंभ की हैं। कुलदीप शर्मा ने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए नालसा के हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी संपर्क किया जा सकता है। कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01972-224399 या ईमेल पर भी संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नालसा की अन्य योजनाओं, नशे की समस्या और एनडीपीएस एक्ट, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, रैगिंग रोधी कानून, साइबर अपराधों के प्रति सावधानी, मोटर वाहन अधिनियम और कई अन्य महत्वपूर्ण अधिनियमों की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष 8 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विश्वभर में साक्षरता के महत्व के प्रति जागरुकता फैलाना तथा प्रत्येक व्यक्ति तक शिक्षा और ज्ञान की पहुंच सुनिश्चित करना है।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *