भाजपा का प्रदर्शन जनहित नहीं, राजनीतिक दिखावा: यशपाल तनाईक
चौपाल में भाजपा द्वारा सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन के मुद्दों को लेकर किया गया प्रदर्शन पूरी तरह राजनीतिक और तथ्यों से परे है। प्रदेश सरकार चौपाल क्षेत्र के विकास के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है।
भाजपा नेताओं को पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए और बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने चौपाल क्षेत्र की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए क्या किया। आज प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्यों को गति दिए जाने के बाद भाजपा केवल जनता को गुमराह करने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रही है।
सड़क व्यवस्था को लेकर भी सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। चौपाल क्षेत्र की सड़कों के सुधार एवं विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिसके लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुकखू जी द्वारा 27.5 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है ।इसी प्रकार स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बढ़ाने तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।पीने के पानी की योजनाओं को लगभग 100 करोड़ रुपए हाल ही में स्वीकृत किए गए हैं तथा चौपाल नेरूवा कुपवी में मिनी सचिवालय निर्माण के लिए 7 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए है ।
भाजपा द्वारा आयुर्वेदिक अस्पताल बंद करने और बस सेवाओं को लेकर लगाए गए आरोप भी वास्तविक स्थिति को जाने बिना किए गए राजनीतिक बयान हैं। सरकार द्वारा जल्द ही चौपाल विधानसभा क्षेत्र में स्थाई बसों की व्यवस्था की जा रही है ।सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हों।
भाजपा को विरोध की राजनीति छोड़कर विकास के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग करना चाहिए। चौपाल की जनता अब आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि धरातल पर विकास चाहती है और प्रदेश सरकार उसी दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।

