पीएम किसान योजना के पात्र लाभार्थियों के लिए 2 से 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान
ऊना, 22 सितंबर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ जिला ऊना के सभी पात्र किसानों तक सुचारू एवं पारदर्शी रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह विशेष अभियान 2 से 31 अक्टूबर तक चलेगा।
तहसीलदार एवं कार्यकारी ज़िला राजस्व अधिकारी ऊना विपिन कुमार ने जिला के समस्त लाभार्थी किसानों से अपील की है कि पीएम किसान योजना की आगामी किश्तों का बिना किसी रुकावट के लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी अनिवार्य औपचारिकताएं पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इनमें जिन किसानों की भूमि की सीडिंग पूर्ण नहीं हुई है, वे अपने तहसील कार्यालय में पटवारी द्वारा सत्यापित नकल जमाबंदी जमा करवाना सुनिश्चित करें। वहीं, पीएम -किसान की राशि सीधे बैंक खाते में प्राप्त करने के लिए आधार सीडिंग अनिवार्य है। इसके लिए किसान तुरंत अपनी संबंधित बैंक शाखा में जाकर इस प्रक्रिया को पूर्ण करवाएं। साथ ही, ई-केवाईसी की प्रक्रिया के लिए किसान अपने नजदीकी सीएससी सेंटर / लोक मित्र केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करवाएं। उन्होंने बताया कि किसान घर बैठे अपने स्मार्टफोन में ‘पीएम किसान ऐप ‘ डाउनलोड कर ‘फेस कैप्चर ‘ सुविधा के माध्यम से भी इसे पूर्ण कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार डिजिटल कृषि सेवा के लिए किसान आईडी का बनना आवश्यक है। इसलिए जिन किसानों की किसान आईडी नहीं बनी है, वे अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र से संपर्क कर इसे शीघ्र बनवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने जिला सभी पात्र किसानों से आग्रह किया कि योजना का निर्बाध लाभ सुनिश्चित करने के लिए 31 अक्टूबर से पूर्व अपनी सभी लंबित प्रक्रियाओं को पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

