Himachal Tonite

Go Beyond News

जिला चम्बा के 237 निर्माण कामगार लाभार्थियों को 1.07 करोड़ रुपये की सहायता राशि आवंटित

चम्बा, 15 सितंबर

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन नरदेव सिंह कंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रदेशभर के 4,967 पंजीकृत कामगारों को लगभग 20.61 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। जिसमें जिला चम्बा के 237 कामगार लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 1,07,87,400 रुपये की सहायता राशि आवंटित की गई।

उन्होंने बताया कि चम्बा जिले में शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के तहत 75 लाभार्थियों के बच्चों को 23,87,400 रुपये, विवाह सहायता योजना के तहत 155 कामगारों को 78,89,000 रुपये, मातृत्व एवं पितृत्व सहायता योजना के तहत 2 कामगारों को 64,000 रुपये तथा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 3 कामगार लाभार्थियों को 2 लाख 47 हज़ार रुपये की सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री विधवा, एकल, निराश्रित एवं दिव्यांग महिला आवास योजना के तहत 2 महिला लाभार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में 2 लाख रुपये जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निर्माण कामगारों तथा उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। इन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कामगार परिवारों को शिक्षा, विवाह, आवास तथा अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा वर्तमान में 14 विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। 18 से 60 वर्ष की आयु के ऐसे पात्र निर्माण कामगार, जिन्होंने पिछले 12 महीनों में कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य किया हो, बोर्ड में पंजीकरण करवाकर इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने पात्र निर्माण कामगारों से आह्वान किया कि वे अपना पंजीकरण करवाकर बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिक वर्ग के कल्याण तथा उनके परिवारों के सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *