बसदेहड़ा स्कूल ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत निकाली जागरूकता रैली, नशा मुक्त समाज का दिया संदेश
ऊना, 9 अक्तूबर। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, ऊना द्वारा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसदेहड़ा में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनमानस को जागरूक करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
जिला कल्याण अधिकारी ने जानकारी दी कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना, नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में नशा मुक्त जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को संदेश दिया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए, ताकि वे एक स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

