Himachal Tonite

Go Beyond News

चाहे मूली कहो या गाजर, ये रिवाज हम छोटे लोग बदल कर रहेंगे : जयराम

1 min read

– ओपीएस का समाधान केवल बीजेपी कर सकती है : जयराम ठाकुर

– राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को गुमराह कर रही कांग्रेस

– पिछले पांच साल में हुए काम कांग्रेस के किसी भी कार्यकाल से कहीं अधिक

– अटल जी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा हिमाचल के हितों का ख्याल

कुछ लोग कहते हैं कि बड़े-बड़े लोग रिवाज नहीं बदल पाए तो जयराम ठाकुर किस खेत की मूली हैं। चाहे मूली कहो या गाजर लेकिन हम छोटे लोग रिवाज बदल कर रहेंगे। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विजय संकल्प अभियान के तहत नूरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को चुराह में भाजपा प्रत्याशी हंसराज, चंबा में नीलम नैयर और कांगड़ा जिले की नुरपुर विधानसभा में रणवीर सिंह निक्का के लिए प्रचार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए जो कुछ किया जा सकता था हमने किया है। ओपीएस का समाधान भी केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने चंबा में कहा कि 13 अक्तूबर को यहां चौगान मैदान में हुई ऐतिहासिक रैली ने प्रधानमंत्री में एक गहरी छाप छोड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में कठिन परिस्थितियों के बावजूद गरीब के करीब रहकर काम किया। घर-घर नल से पानी पहुंचाया और उस पानी का बिल माफ किया। गरीबों को इलाज की चिंता से मुक्त किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “हमें कहा जा रहा है कि ऋण लिया। जब हमारी सरकार सत्ता में आई तो 50 हजार करोड़ का ऋण प्रदेश पर था। हमारी सरकार को तो कोविड के दौर में ऋण लेना पड़ा लेकिन कांग्रेस के समय तो कोविड भी नहीं था फिर इतना ऋण क्यों लिया।”

‘गरीबों के लिए काम नहीं कर पाई कांग्रेस’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में 5 हजार लोगों को रोजगार नहीं दे पाई, लेकिन हमारी सरकार ने 60 हजार से अधिक लोगों को रोजगार दिया। अपने कार्यकाल में इन्होंने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। वो लोग एक बार नहीं बार-बार सत्ता में रहे तो उन्होंने बुजुर्गों के लिए पेंशन 60 साल से शुरू क्यों नहीं की। हर घर गैस का चूल्हा देने से उन्हें किसने रोका था। गरीब परिवार की बेटियों की शादी में आर्थिक मदद देने से किसने रोका था। हम हिमकेयर और आयुष्मान योजना के तहत निशुल्क इलाज करवा रहे हैं। कांग्रेस ने गरीबों के बारे में कभी नहीं सोचा।”

चुराह में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुराह विधानसभा क्षेत्र पहले नंबर पर आता है और हमने प्रचार की शुरुआत भी यहीं से शुरू की। पिछले पांच सालों में हमारी सरकार ने सभी विधानसभा क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा किया है। हमारी सरकार के कार्यकाल के दौरान जो काम हुए हैं वो कांग्रेस के किसी भी कार्यकाल की तुलना में बहुत अधिक हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में खत्म हो चुकी है। हिमाचल में भी कांग्रेस के नेता पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। चंबा से हर्ष महाजन और चुराह से प्रकाश भूटानी हमारी पार्टी में शामिल हो चुके हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की गारंटियों को लेकर भी निशाना साधा।

‘अटल जी के बाद पीएम मोदी ने रखा हिमाचल के हितों का ख्याल’

मुख्यमंत्री ने नूरपुर में कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के हितों का ख्याल रखा है। हिमाचल भी आज विश्व के सबसे मजबूत नेता के साथ चट्टान के साथ खड़ा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को भी गिनवाया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग कह रहे हैं कि हम सत्ता में आए तो जयराम सरकार की योजनाओं को बंद कर देंगे। ऐसा वो तब करेंगे जब सत्ता में आएंगे। प्रदेश के लोगों ने इस बार मन बना लिया है कि वो रिवाज बदल कर रहेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा हिमाचल प्रदेश की प्रबुद्ध जनता के साथ में रिवाज बदलने का काम कर रही है।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *