Himachal Tonite

Go Beyond News

शिमला-रामपुर NH पर यातायात घंटों ठप

शिमला, 25 मई : ठियोग के पास भूस्खलन होने से शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे-5 पर गुरुवार सुबह दो घण्टे तक यातायात पूरी तरह से ठप है। ठियोग से महज 200 मीटर की दूरी पर अचानक ऊपरी पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। ऐसे में सड़क का एक हिस्सा कट गया, जिस कारण लोगों को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और राजधानी से ऊपरी शिमला का सम्पर्क कट रहा। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण यह हाइवे हिंदुस्तान-तिब्बत हाइवे के तौर पर जाना जाता है, जो जनजातीय जिला किन्नौर से होते हुए तिब्बत सीमा की ओर जाता है।

इस हाईवे के अवरुद्ध होने पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी तुरंत हरकत में आई और मशीनरी लगाकर हाईवे को दो घण्टे बाद एक तरफ के लिए बहाल किया। भूस्खलन की वजह से लंबे रूट की रामपुर व रोहड़ू बस फंसने से यात्रियों को अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा कोटखाई, जुब्बल, चौपाल, नेरवा, किन्नौर और नारकंडा जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी हुई। इससे स्कूली बच्चे, कामकाजी लोग व दफ्तर जाने वाले कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच पाए।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *