बिजली विभाग के उपभोक्ताओं को मनमाने बिल देने का खुलासा, रीडिंग से ज्यादा का बिल बना रहे
मंडी, 30 जुलाई: बिजली विभाग का पंडोह स्थित उप मंडलीय कार्यालय उपभोक्ताओं को मनमाने बिल देकर जोरदार करंट लगाने का काम कर रहा है। उपभोक्ताओं को तीन महीने तक 1 या 2 यूनिट खपत का बिल दिया जा रहा है, जबकि चौथे महीने में सीधा 400 यूनिट का बिल दिखाया जा रहा है। जबकि बिल दिया जा रहा है उसमें मीटर रीडिंग से ज्यादा का ही बिल बनाया जा रहा है।
रि. ऑनरेरी कैप्टन डोले राम ने खुलासा किया कि बिजली विभाग के कर्मचारी घर पर नहीं आ रहे हैं और बिल जो दिया जा रहा है वह रीडिंग के विपरीत है। उन्होंने एसडीओ (SDO) पंडोह से लेकर सीएम (CM) हेल्पलाईन तक 6 शिकायतें की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विभाग इस तरह के गोलमाल को अपनाने में लगा हुआ है।
उपभोक्ता रणजीत सिंह ने बताया कि उन्हें विभाग द्वारा अभी जो बिल दिया गया है, उसमें लास्ट मीटर रीडिंग 9040 दर्शाई गई है, जबकि मीटर पर मौजूदा समय में मीटर रिडिंग 9013 है। उन्होंने कहा कि बिल घर आकर नहीं बनाया जा रहा है। उपभोक्ता प्रकाश चंद ने बताया कि विभाग के लोग एक ही जगह पर बैठकर बिल बना रहे हैं और घर तक जाने की ज़हमत नहीं उठा रहे।
रि. ऑनरेरी कैप्टन डोले राम ने एसडीओ कार्यालय पंडोह का सारा ऑडिट करवाने की मांग की है और शिकायतें कर रहे उपभोक्ताओं की भी सुनवाई की जाएगी। वह कहते हैं कि सरकार 125 यूनिट फ्री बिजली दे रही है तो विभाग को इस तरह के कामों पर गोलमाल करने की जरूरत नहीं है।

