Himachal Tonite

Go Beyond News

दुकानों में आग की खबर सुनते ही कारोबारी की दिल के दौरे से मौत

ऊना, 01 मई :  पुलिस थाना गगरेट के अंतर्गत नगर पंचायत गगरेट- होशियारपुर सड़क मार्ग पर पुराने बस अड्डे के पास तीन दुकानों में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दुकान मालिक को हार्ट अटैक आ गया और उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार रविवार मध्यरात्रि मनोज कुमार को किसी ने बताया कि उनकी दुकान में आग लग गई है। मनोज ने अपने ताया मुकेश कुमार को जगाया और उन्हें आग लगने की सूचना दी। जैसे ही उन्हें ये सूचना दी गई, उसी समय उन्हें दिल का दौरा आ गया। तुरंत उन्हें गगरेट के सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मुकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया।

मुकेश कुमार के बेटे राहुल शर्मा व भतीजे मनोज कुमार ने दुकानों को आग लगाने का आरोप गगरेट नगर पंचायत के पार्षद वीरेंद्र शर्मा पर लगाया है। दरअसल, मृतक के परिवार के अनुसार वीरेंद्र शर्मा और मुकेश कुमार के बीच में जमीनी विवाद है। पहले भी दुकानों को अपने कब्जे में लेने के लिए शगुन के लिफाफों में गुमनाम पत्र लिखता रहा है, जिसमें वो दुकानें खाली करने की धमकी देता था। परिवार ने अनुसार उनके पास वो पत्र भी मौजूद है। दुकान को आग पिछली तरफ से लगाई गई है।

मौके पर बाड़ को लांघा गया व पैरों के निशान भी पाए गए है। मृतक मुकेश कुमार ने गगरेट के ही एक अन्य व्यक्ति से करीब एक सप्ताह पहले वीरेंद्र शर्मा द्वारा दी गई धमकी का जिक्र करते हुए बताया था कि उन्हें धमकी मिल रही है कि वो दुकानों को आग लगा देंगे। मृतक के बेटे और उसके भतीजे ने एक लिखित शिकायत थाना गगरेट में वीरेंद्र शर्मा के खिलाफ दी है।

एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया कि परिवार शिकायत आई है। शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है ।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *