Himachal Tonite

Go Beyond News

सुक्खू भाई गोबर खरीदने के लिए आएंगे : जयराम

मंडी, 14 अप्रैल : जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से पूछा कि उन्होंने भी अपने घर में गोबर का ढेर लगा रखा है, सुक्खू भाई कब खरीदोगे। यह तंज उन्होंने आज अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के छतरी में अम्बेडकर जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कसा। जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने अपने घर वालों को बोल रखा है कि इस बार गोबर खेतों में मत डालना, सुक्खू भाई इसे खरीदने के लिए आएंगे।

रास्ते में जब उन्हें गोबर दिखा तो उन्होंने कार्यकर्ता से मजाकिया अंदाज में कहा, उठा ले भाई दो रुपए हैं। कुछ विधायक तंज कसते हुए यह भी पूछ रहे हैं कि गोबर सूखा चाहिए या फिर गीला। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस अपनी ही गारंटियों के कारण जनता के बीच हंसी की पात्र बनकर रह गई है। दूध के समर्थन मूल्य के नाम पर लोगों के साथ मजाक किया जा रहा है। आने वाले समय में सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। यदि यही रवैया रहा तो फिर सरकार को चलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैसे तो सरकार एक साल भी नहीं चलेगी, लेकिन चल पड़ी तो एक साल के बाद यह जरूर पता करेंगे कि सेस के नाम पर सरकार को कितनी आमदनी हुई है। अपनी गारंटियों को पूरा करने के लिए आम जनता पर महंगाई को बोझ डाला जा रहा है और जरूरत की सभी चीजों को धीरे-धीरे महंगा किया जा रहा है।

 

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *