Himachal Tonite

Go Beyond News

पेशेवर स्कीयर दल ने मंडी के पराशर में तलाशीं स्कीइंग की संभावनाएं

1 min read

मंडी, 18 फरवरी । मनाली के एक पेशेवर स्कीयर दल ने शुक्रवार को मंडी के पराशर का दौरा कर वहां स्कीइंग की संभावनाएं तलाशीं। इस दल ने पराशर और आसपास की पहाडि़यों पर स्की साइटों का निरीक्षण और स्कीइंग ट्रायल किया। द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर भी स्कीयर दल के साथ रहे।
जवाहर ठाकुर ने कहा कि पराशर क्षेत्र विंटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए पूरी तरह उपयुक्त है। यहां की पहाडियां और परिस्थितियां स्कीइंग के लिए अनुकूल हैं। हमने इसके मुआयने के लिए एक पेशेवर स्कीयर दल खासतौर से बुलाया था। विंटर स्पोर्ट्स कंसल्टेंट प्रवीण सूद भी इस दल के साथ थे। उन्होंने इसे स्कीइंग के लिए उपयुक्त पाया है।
विधायक ने कहा कि अब आगे वे इसे लेकर अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं खेल संस्थान मनाली और पर्यटन विभाग के साथ बातचीत करेंगे। सब ठीक रहा तो जल्द ही यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के आयोजन की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यहां स्थानीय युवाओं के प्रशिक्षण के लिए भी विशेष कैंप लगाया जाएगा। पराशर क्षेत्र में विंटर स्पोर्ट्स स्पर्धाओं से पर्यटन और रोजगार के अवसरों में अभूतपूर्व विकास होगा।
बता दें, पराशर के अलावा पिछले दिनों अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं खेल संस्थान मनाली के माउंटनेरिंग प्रशिक्षकों के एक दल ने जंजैहली से 8 किलोमीटर दूर स्थित तुंगासीगढ़ में भी पहाड़ी ढलानों पर स्की साइटों का निरीक्षण किया था। इसकी रिपोर्ट भी संस्थान को सौंपी जानी है।
सब सही रहा तो जल्द ही मंडी जिला भी विंटर स्पोर्ट्स का नया डेस्टीनेशन बनकर उभरेगा।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *