टिंबर ट्रेल घटना की जांच के आदेशः मुख्यमंत्री
1 min read
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि बहुमूल्य मानवीय जीवन की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार सदैव कृतसंकल्प है। मुख्यमंत्री आज सोलन के परवाणू स्थित टिंबर ट्रेल में केबल कार में फंसे सभी 11 यात्रियों को सुरक्षित बचाए जाने के उपरांत उपस्थित पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
इससे पूर्व, टिंबर ट्रेल में पर्यटकों के केबल कार में फंसने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री जोकि हमीरपुर में एक कार्यक्रम में उपस्थित थे, ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दूरभाष पर इस घटना की जानकारी दी और पर्यटकों की सुरक्षा के दृष्टिगत एनडीआरएफ की टीम भेजने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री दुर्घटना की जानकारी मिलने पर हमीरपुर से स्वयं परवाणू पहंुचे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं टिंबर ट्रेल होटल के संचालक से इस घटना की जानकारी प्राप्त की।
जय राम ठाकुर ने इस घटना में सुरक्षित बचाए गए सभी 11 व्यक्तियों से बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए समुचित पग उठाए जाएंगे।
उन्होंने इस अवसर पर बचाव कार्य में योगदान देने वाली टिंबर ट्रेल होटल की टीम और एनडीआरएफ कर्मियों की टीम से भी बातचीत की और समय पर बहुमूल्य मानवीय जीवन बचाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

