खनन विभाग ने बाथू-बाथड़ी में डाली रेड, तीन अवैध रैंप किए ध्वस्त
ऊना (4 अगस्त)- अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई को जारी रखते हुए आज खनन विभाग ने बाथू व बाथड़ी में रेड डाली। इस संबंध में जानकारी देते हुए खनन अधिकारी नीरजकांत ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खनन विभाग को स्वां नदी में जाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तीन अवैध रैंप मिले, जिन्हें जेसीबी लगाकर या तो बंद कर दिया या फिर ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वाले इन रैंप का इस्तेमाल अपनी मालवाहक गाड़ियों को स्वां खड्ड तक पहुंचाने के लिए कर रहे थे।
खनन अधिकारी नीरजकांत ने कहा कि विभाग अवैध खनन के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि मॉनसून सीज़न में प्रदेश सरकार ने एक जुलाई से 15 सितंबर तक किसी भी खड्ड में खनन पर प्रतिबंध लगा रखा है। विभाग अवैध खनन तथा ओवरलोडिंग की निगरानी कर रहा है तथा आवश्यक कार्रवाई अमल में ला रहा है। आगे भी विभाग लगातार इस प्रकार की कार्रवाई जारी रखेगा।

