HRTC की बस से शराब की 36 बोतलें मिलने पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
भवारना : चंडीगढ़ से पालमपुर आ रही परिवहन निगम की बस से 36 बोतलें अंग्रेजी शराब की बरामद की गई। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पौने 6 बजे बस जैसे ही भवारना के खैरा चौक पहुंची तो नाके पर तैनात पुलिस टीम ने बस को निरीक्षण के लिए रोका। इस दौरान बस की फ्रंट सीट के पास 3 बैग पड़े थे। जब उन्हें खोला गया तो अंग्रेजी शराब की 36 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने बस चालक नवीन के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। एसएचओ संजीव गौतम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पालमपुर डिपो की बस से पकड़ी गई शराब के बाद चालक को निलंबित किया जा सकता है। आरएम पालमपुर उत्तम सिंह ने बताया कि पुलिस रिपोर्ट के आधार पर विभाग कार्रवाई करेगा।

