Himachal Tonite

Go Beyond News

कांग्रेस ने भारत को अंग्रेजों की तरह लूटा: जयराम

1 min read

द्रंग विधानसभा क्षेत्र के शिवाबदार में चुनावी जनसभा में विपक्ष को लिया आड़े हाथ

– कहा, मोदी सरकार के सात साल में सात रुपये का भी नहीं हुआ घोटाला

– मुख्यमंत्री बोले, हम सराजी धीरे-धीरे चलते हैं 

– चुनाव ब्रिगेडियर साहब लड़ रहे हैं, गालियां जयराम को दे रहे हैं

शिवाबदार (द्रंग) द्रंग विधानसभा क्षेत्र के शिवाबदार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले अंग्रेजों ने और आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सत्ता में कांग्रेस कई वर्षों तक रही, लेकिन विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लूट नीति से अमीर लोग और अमीर होते गए, जबकि गरीब लोग और गरीब हो गए।

मुख्यमंत्री ने स्व. रामस्वरूप शर्मा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हमारे अच्छे और बुरे वक्त के मित्र एवं पूर्व सांसद स्व. रामस्वरुप जी नहीं रहे, जिस कारण उपचुनाव हो रहा है। इसलिए हमारे प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगने यहां आया हूं।

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग भी यहां आएंगे और मुझे गालियां देकर चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव ब्रिगेडियर साहब लड़ रहे हैं और कांग्रेसी नेता गालियां जयराम को दे रहे हैं।

‘यूपीए सरकार में होते थे सैकड़ों करोड़ों के घोटाले’

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेसी मंडी में जाकर बोलते हैं कि काम सराज में हुआ है, सराज पहुंच कर बोलते यहां भी कुछ नहीं हुआ। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश से कांग्रेस इसलिए हार रही है, क्योंकि देश में लूट मचा रखी थी। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार को सात साल हुए, लेकिन सात रुपये का घोटाला नहीं हुआ। पूर्व की यूपीए सरकार में सैकड़ों करोड़ों का घोटाला हुआ। कांग्रेस के मित्रों को आज पूरे देश और प्रदेश से कांग्रेस मुक्त होने की चिंता सता रही है। जयराम ठाकुर ने यहां की स्थानीय बोली में भी जनता को संबोधन किया।

‘कौल सिंह स्वास्थ्य मंत्री रहे, कितने ऑक्सीजन प्लांट दिए’

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा, “वे स्वास्थ्य मंत्री भी रहे और यह बताएं कि प्रदेश में कितने ऑक्सीजन प्लांट लगाए? मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा सरकार ने प्रदेश में 28 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए हैं।” उन्होंने कहा कि द्रंग के एक कांग्रेस नेता कहते थे कि 75 वर्ष की आयु के बाद चुनाव नहीं लड़ना चाहिए। आज उनकी उम्र 78 के करीब है तो फिर से चुनाव लड़ने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

’26 हजार की लीड दिलाओ, कई लोगों की होगी रिटायरमेंट’

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में द्रंग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 21 हजारा मतों की लीड मिली थी। इस बार 26 हजार की लीड दिलाएंगे तो कई लोगों की रिटायरमेंट होगी। उनका निशाना कांग्रेस नेता पर था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ब्रिगेडियर को जिताकर हिमाचल में जयराम ठाकुर और केंद्र में मोदी सरकार को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मंडी संसदीय सीट तो जीतेंगे ही, साथ ही तीनों विधानसभा उपचुनाव भी भाजपा ही जीतेगी। आज कांग्रेस के नेता बोलते हैं कि कारगिल लड़ाई कोई लड़ाई नहीं थी। ऐसा बयान देने वालों को शर्म आनी चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज कांग्रेस के लोग सेना पर भी उंगली उठा रहे हैं।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *