Himachal Tonite

Go Beyond News

कांग्रेस पार्टी के झूठे वादे ने किया हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ छल : डॉ राजीव बिंदल

शिमला :-* हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में आने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता के सामने झूठे वादों का एक बड़ा पुलंदा पेश किया था।

डॉ. बिंदल ने कहा, कांग्रेस ने वादा किया था कि पहली कैबिनेट बैठक में 22 लाख बहनों को हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे। 25 लाख बिजली के उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी। पहली कैबिनेट में 1 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी और 25 लाख किसानों का दूध और गोबर खरीदा जाएगा। इस तरह की अनेक घोषणाओं के माध्यम से कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की दीवारों को भर दिया था।

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि डेढ़ साल के बाद भी उनकी सरकार बैक गियर में ही चल रही है। वे कहते हैं कि हमारा खजाना खाली है, फिर कहते हैं कि हमें केंद्र से कोई मदद नहीं मिलती, और फिर बीजेपी पर विरोध करने का आरोप लगाते हैं। अब जब चुनाव नजदीक आ रहे हैं, तो फिर से झूठे वादों के साथ मैदान में उतर आए हैं। दिल्ली वाले फिर से आकर पहली कैबिनेट की बात कर रहे हैं, और अब कह रहे हैं कि 1 लाख रुपये खटाखट, ठकाठक करेंगे।“

उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस ने हिमाचल की जनता को मूर्ख बनाने का ठेका ले रखा है? हिमाचल की जनता समझदार है और जानती है कि प्रदेश की सरकार ने एक फूटी कौड़ी का भी काम नहीं किया। प्रदेश की जनता जानती है कि हिमाचल का भविष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सुरक्षित है। कांग्रेस पार्टी न तो हिमाचल की भावनाओं के अनुरूप काम कर रही है और न ही तुष्टिकरण के नाम पर वोट मांगने की राजनीति से बाज आ रही है।“

डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल की जनता अब सवाल पूछ रही है, 2022 में आपने जो बड़ी-बड़ी बातें की थीं, अब उन्हें दोबारा से क्यों दोहराया जा रहा है? उन्होंने कहा कि आज हिमाचल की जनता ने मन बना लिया है कि न तो यह सरकार हिमाचल में रहेगी और न ही इनके झूठे वादे। हिमाचल की जनता नरेंद्र मोदी की सरकार को दिल्ली में फिर से देखना चाहती है।“

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *