हिमाचल को अलग पूर्ण राज्य का दर्जा दिलवाने में चंबा जिला की भी अहम भागीदारी- विधानसभा उपाध्यक्ष
चंबा (तीसा),15 अप्रैल-विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ हंसराज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को एक अलग राज्य का दर्जा दिलवाने में चंबा जिला के लोगों की भी अहम भागीदारी रही है। समूचे चंबा जिला ने भी पूरी हामी भरी थी कि हिमाचल प्रदेश देश का अलग पूर्ण राज्य होना चाहिए। विधानसभा उपाध्यक्ष ने यह बात आज 74वें हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य पर चुराह उपमण्डल के मुख्यालय भंजराड़ू में आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए अपने संबोधन के दौरान कही। विधानसभा उपाध्यक्ष ने हिमाचल प्रदेश के निर्माता डॉ यशवंत सिंह परमार को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संघर्ष के बाद हिमाचल प्रदेश को एक अलग राज्य का स्वरूप प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्यत्व के बाद की इस यात्रा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार ने भी अपने इस कार्यकाल के दौरान कई नए मील के पत्थर स्थापित करके प्रदेश को एक नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीर योद्धाओं का की धरती भी है। हिमाचल की कोख ने कई परम वीरों को जन्म दिया है जिसका हम सब को गर्व है।

