Himachal Tonite

Go Beyond News

कोरोना संकट में समाज के सभी वर्गों ने किया सराहनीय कार्य-बिक्रम सिंह

1 min read

उद्योग, परिवहन तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 संकटकाल में समाज के सभी वर्गों ने सराहनीय कार्य किया है और कोरोना योद्धाओं का सम्मान जन-जन का सम्मान है। बिक्रम सिंह आज यहां प्रेस क्लब सोलन द्वारा कोरोना योद्धाआंे के सम्मान में आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
बिक्रम सिंह ने कहा कि कोविड-19 संकट के कारण पूरे विश्व को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ा है। अभी भी कोरोना का संकट टला नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संकट के कारण समाज के विभिन्न वर्गों को अनेक परेशानियां झेलनी पड़ी हैं। केन्द्र और राज्य सरकार ने इस दिशा में योजनाबद्ध कार्य कर लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना सहित केन्द्र सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के लिए जारी वित्तीय पैकेज लक्षित वर्गों के लिए सुकूनदायक सिद्ध हुए हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज, प्रशासन और सरकार के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पत्रकार जहां जन-जन तक कल्याणकारी योजनओं की जानकारी पहुंचाते हैं वहीं अपनी लेखनी के माध्यम से कमियों को भी उजाकर करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब सोलन द्वारा कोरोना योद्धाओं का सम्मान समाज के सभी वर्गों को संकट से ग्रस्त व्यक्तियों की सहायता के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने प्रेस क्लब सोलन को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी और आशा जताई कि प्रेस क्लब सोलन भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों को संबल प्रदान करने के लिए कार्यरत रहेगा।
परिवहन मंत्री ने सभी से आग्रह किया कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नियम पालन सुनिश्चित बनाएं और टीकाकरण अवश्य करवाएं।
बिक्रम सिंह ने इस अवसर पर कोरोना संकट समय में बेहतर कार्य के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं प्रदेश अनुसूचित जाति निगम के प्रबन्ध निदेशक अनुराग चन्द्र शर्मा, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, उप पुलिस अधीक्षक योगेश दत्त जोशी, प्रदेश विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियन्ता विकास गुप्ता, जिला लोक सम्पर्क अधिकारी सोलन, पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबन्धक, नगर निगम आयुक्त एल.आर. वर्मा, महिला पुलिस थाना प्रभारी सुनीता वर्मा, खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा, पैरागाॅन होटल के मालिक सुरेन्द्र वर्मा, गूंज संस्था, सफाई पर्यवेक्षक रवि तथा अमन, मोक्षधाम में कार्यरत धर्मपाल ‘सोनू’, बिलासपुर मैत्री सभा के मनीष कुमार, इन्नर व्हील क्लब सोलन तथा एमएमयू अस्पताल को कोविड संकट के दौरान प्रदत्त अनुकरणीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
प्रेस क्लब सोलन के अध्यक्ष मनीष शारदा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *