जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध – डॉ. शांडिल
सोलन दिनांक 23.09.2026
ज़िला योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. शांडिल आज यहां ज़िला योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि ज़िला के विकास से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा आवश्यक है, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
डॉ. शांडिल ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ज़िला की उचित मूल्य की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना सुनिश्चित बनाएं।
स्वास्थ्य मंत्री ने सोलन, बद्दी, नालागढ़ तथा परवाणू के श्रम अधिकारियों को समय-समय पर अपने अधिकार क्षेत्र में स्थापित उद्योगों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि श्रमिकों के अधिकारों का हनन न हो।
डॉ. शांडिल ने आमजन से आग्रह किया ज़िला को सुंदर बनाने के लिए स्वच्छता का ध्यान रखे तथा अपने आस-पास के क्षेत्र को साफ रखे। उन्होंने सभी से पौधारोपण तथा रोपित पौधों का संरक्षण करने का भी आग्रह किया।
बैठक में अवगत करवाया गया कि मनरेगा के तहत वर्ष 2025-26 में 682 लोगों के जॉब कार्ड सक्रिय हैं। इस वित्त वर्ष में 5.38 लाख कार्य दिवस अर्जित कर विभिन्न विकास कार्यों पर 18.38 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं।
बैठक में अवगत करवाया गया कि सोलन ज़िला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अप्रैल, 2025 से मार्च, 2026 तक पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 259 आवास स्वीकृत किए गए हैं।
बैठक में अवगत करवाया गया कि खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता आपूर्ति विभाग द्वारा अप्रैल, 2026 से जून, 2026 तक विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं को 80 हजार 310 क्विंटल खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाए गए हैं।
बैठक में अवगत करवाया गया कि ज़िला में 1281 आंगनवाड़ी केन्द्र कार्यरत है।
बैठक में अवगत करवाया गया कि जल जीवन मिशन के तहत ज़िला सोलन में सभी गांव में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने अवगत करवाया कि सोलन-सुबाथू सड़क का कार्य शीघ्र आरम्भ हो जाएगा।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कार्यान्वित की जा रही विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने भी इस अवसर पर अपने बहुमूल्य विचार प्रस्तुत किए।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मुख्यातिथि को विश्वास दिलाया कि उनके निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाया जाएगा और गैर सरकारी सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर सारगर्भित विचार किया जाएगा।

