हरियाणा के 3 तस्करों को 4.030 किलोग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार
कुल्लू : पुलिस ने आनी के बैहना मोड़ के पास हरियाणा के 3 तस्करों को 4.030 किलोग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने इन तस्करों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस की एक टीम बैहना मोड़ पर नाकाबंदी पर मौजूद थी। इस दौरान एक सैंट्रो कार (एचआर-12-जे-5166) आनी से लूहरी की तरफ आई, जिसे पुलिस ने रोक कर चैक किया।
कार चालक ने पूछने पर अपना नाम विरेंद्र सिंह पुत्र महासीन गांव व डाकघर नोलथा तहसील ईसराणा जिला पानीपत हरियाणा तथा साथ वाली फ्रंट सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम जोगिंद्र सिंह पुत्र रणधीर सिंह गांव व डाकघर डाहर तहसील व जिला पानीपत हरियाणा बताया। पीछे की सीट में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम श्याम लाल पुत्र हरि चंद गांव व डाकघर नोलथा तहसील ईसराणा जिला पानीपत हरियाणा बताया।
कार की तलाशी के दौरान कार के बोनट के अंदर बैटरी के पास एक नीला बैग मिला। बैग में किसी अवैध वस्तु का शक होने पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि व एक अन्य स्थानीय व्यक्ति को गवाह बुलाकर इस प्रक्रिया में शामिल किया। इन गवाहों के सामने बैग को बोनट से निकाल कर चैक किया तो उसके अंदर बत्तीनुमा व गोलीनुमा ठोस काला पदार्थ बरामद हुआ, जोकि चरस है तथा तोलने पर 4.030 किलोग्राम पाई गई।

