चोर दरवाजे से भर्तियाें को लेकर विपक्ष ने किया वाकआऊट
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सदन में नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव लाया और विपक्ष की तरफ से मुकेश अग्निहोत्री, आशा कुमारी व इंद्रदत्त लखनपाल ने स्थगन प्रस्ताव के तहत आऊटसोर्स का मामला उठाया व इनके लिए नीति बनाने की मांग उठाई। विधानसभा अध्यक्ष कहते रहे कि इस पर उन्होंने बोलने की इजाजत नही दी। जो नोटिस विपक्ष ने दिया है उस पर व्यवस्था देंगे लेकिन विपक्ष ने शोर मचाना शुरू कर दिया। विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि चोर दरवाजे से सरकार भर्तियां कर रही है जबकि नियमित भर्तियां सरकार कर नहीं रही है।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया है कि सरकार मुख्यमंत्री और महेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र में ही भर्तियां कर रही है जबकि प्रदेश में डिग्री धारक युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। सरकार भाजपा की विचारधारा से जुड़े लोगों को चिटों पर नौकरियां दे रही है। सरकार को नहीं भूलना चाहिए कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौटाला भी इसी तरह के मामले में जेल में सजा काट चुके हैं।

