Himachal Tonite

Go Beyond News

आईईसी विश्वविद्यालय में मनाया 77 वां स्वतंत्रता दिवस

· विश्वविद्यालय में उत्साह के साथ शुरू हुआ नया सत्र

बद्दी। ज़िला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय में मंगलवार को 77वां राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक पुरी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं स्टाफ के सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान राष्ट्रगान जन गण मन और भारत मां की जय के उद्घोष से विश्वविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक पुरी ने अपने संबोधन में कहा कि हर भारतवासी को स्वतंत्रता दिवस की भावना और शक्ति से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय उन्नति में अपना सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से अब तक भारत ने असंभव से प्रतीत होने वाले विकास के कई शिखर छुए हैं। आज हम सभी भारतवासियों को संकल्प लेना चाहिए कि अमृत काल में भारत को विश्व ताकत बनाने के लिए बड़े स्वप्न देखते हुए उन्हें साकार करने के लिए कठिन परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने आईईसी विश्वविद्यालय की तरफ से सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वहीं, बुधवार को विश्वविद्यालय में नए सत्र की शुरुआत हवन-पूजा के साथ की गई। इसके पश्चात पहले सत्र के बच्चों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी की गई। विश्वविद्यालय में पूरे उत्साह के साथ नए सत्र की शुरुआत की गई। विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित संवाद में बच्चों को विश्वविद्यालय की उपलब्धियों एवं शिक्षा पद्धति की जानकारी विस्तार से दी गई। इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक पुरी ने प्रथम वर्ष के बच्चों के साथ संवाद के दौरान कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षा-दीक्षा के दौरान अपने व्यक्तित्व निर्माण का जो अवसर मिला है, उसका आप सभी समुचित लाभ लें और पाठ्यक्रम के साथ-साथ अपने कौशल को पहचान कर उसे निखारने के लिए प्रयास करते रहें। उन्होंने आईईसी विश्वविद्यालय की ओर से छात्रों एवं अभिभावकों को भविष्य में हर संभव सहायता मुहैया करवाने हेतु आश्वस्त किया।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *