हिमाचल के खिलाड़ियों को नादौन में मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं : सुनील शर्मा बिट्टू
अणु में किया छात्राओं की 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 इंडोर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
12 जिलों एवं एक स्पोर्ट्स हॉस्टल की लगभग 803 छात्राएं 10 स्पर्धाओं में ले रहीं भाग
हमीरपुर 11 अक्तूबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने रविवार को यहां अणु में छात्राओं की 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 इंडोर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में 12 जिलों एवं एक स्पोर्ट्स हॉस्टल की लगभग 803 छात्राएं कुल दस स्पर्धाओं-बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, भारोतोलन, कुश्ती, मुक्केबाजी, जूडो, कराटे, वुशू और ताइक्वाडों में भाग ले रही हैं।
इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हिमाचल के खिलाड़ियों को अब शीघ्र ही नादौन में अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम की सौगात मिल जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस स्टेडियम में 14 खेलों के लिए वर्ल्ड क्लास सुविधाओं का प्रावधान किया है।
प्रतिभागियों से मिल्खा सिंह और मेजर ध्यान चंद जैसे महान खिलाड़ियों का अनुसरण करने की अपील करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इन महान खेल हस्तियों ने बेहद कठिन परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मेहनत एवं अनुशासन के बल पर पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन किया था। सभी प्रतिभागी उच्च खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लें और आने वाले समय में प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करें।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि खेलों में और हमारी आम जिंदगी में भी जीत एवं हार चलती रहती है। अगर कभी हार हो जाए तो उससे निराश हुए बगैर लगातार मेहनत एवं प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा मुख्यमंत्री द्वारा आरंभ किए गए चिट्टा मुक्त अभियान मंे सक्रिय योगदान देने की अपील भी की।
इससे पहले, सुनील शर्मा बिट्टू ने ध्वजारोहण और दीप प्रज्जवलन के साथ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों के शानदार मार्चपास्ट की सलामी ली।
सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

