Himachal Tonite

Go Beyond News

गौतम गल्र्स कालेज में छात्राओं को दी मासिक धर्म की जानकारी

प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, रोल प्ले और अन्य प्रतियोगिताओं का किया आयोजन

हमीरपुर 28 मई। विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग ने अन्य विभागों के सहयोग से जिले भर में कई जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए। गौतम गल्र्स कालेज हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय जागरुकता शिविर में छात्राओं को मासिक धर्म और इससे संबंधित विभिन्न सावधानियों एवं स्वच्छता पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, रोल प्ले और अन्य प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी एचसी शर्मा ने कहा कि हमारे समाज में मासिक धर्म को लेकर अभी भी कुछ भ्रांतियां व्याप्त हैं तथा आम महिलाओं में इसके बारे में बात करने में भी झिझक रहती है। जागरुकता के अभाव में कई महिलाएं और किशोरियां मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का ध्यान नहीं रखती हैं। इससे उन्हें गंभीर इनफेक्शन और अन्य रोगों की चपेट में आने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए समाज में इसके प्रति जागरुकता बढ़ाना अति आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. राधना ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता और डॉ. कुलभूषण चौहान ने किशोरावस्था के दौरान शरीर में होने वाले बदलाव, अन्य पहलुओं तथा अनीमिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला ने मासिक धर्म से संबंधित विभिन्न समस्याओं और उनके उपचार के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *