Himachal Tonite

Go Beyond News

नवविवाहिता ने पति से फोन पर बात कर लगाया फंदा

शादी के बाद काला महीना काटने मायके आई नवविवाहिता ने अपने पति से फोन पर बात होने के तुरन्त बाद कमरे में जाकर फंदा लगा लिया।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार दीक्षा (25) पत्नी नवीन कुमार निवासी कंगरी नरेली तहसील सुजानपुर की कुछ माह पहले शादी हुई थी और वह काला महीना काटने के लिए अपने मायके चंबोह आई हुई थी। 9 सितम्बर सुबह करीब 9 बजे उसकी अपनी मां के मोबाइल फोन से पति नवीन कुमार से बात हुई और फोन पर बात होने के तुरन्त बाद दीक्षा अपने कमरे में चली गई और चुनरी से फंदा लगा लिया। जब तक परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजन बेटी को फंदे से उतार कर अस्पताल भी लेकर गए लेकिन वहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अब मृतका की मां बबीता देवी ने बेटी की सास सलोचना देवी व पति नवीन कुमार पुत्र प्यार चन्द निवासी कंगरी नरेली तहसील सुजानपुर के खिलाफ प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, जिस पर भोरंज पुलिस ने कारवाई करते हुए पति व सास को गिरफ्तार कर लिया है। इस बारे में थाना प्रभारी भोरंज सीआर चौधरी का कहना है कि महिला ने फंदा लगाकर जान दी है। मृतका की मां की शिकायत पर पति व सास को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्हें सोमवार को फिर से न्यायालय में पेश किया जाएगा। महिला ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसकी छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *