Himachal Tonite

Go Beyond News

लापता नाबालिग लड़की मिली रुद्रपुर

पुलिस थाना क्षेत्र हरिपुर के अंतर्गत विगत दिनों निकटवर्ती गांव से घर से लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने खोज लिया है। बताया जा रहा है कि यह लड़की उत्तराखंड के जिला उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह लड़की कुछ दिन पूर्व अपने घर से किसी बहाने से चली गई थी तथा ट्रक में लिफ्ट लेकर रुद्रपुर पहुंच गई थी।

वहां पर यह लड़की अपने मां-बाप के न होने का हवाला देकर किसी के पास रह रही थी। घर से लापता हुई इस लड़की के बारे में परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। युवती ने घर से जाते ही अपना फोन बंद कर लिया था लेकिन हरिपुर पुलिस थाना के प्रभारी सुशील कुमार ने इस पूरे मामले में गहनता से जानकारी जुटाकर त्वरित थाना की टीम गठित की थी जिसमें थाना हरिपुर के ए.एस.आई. मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल योगेश्वर, महिला आरक्षी मीनाक्षी व एम.एच.सी. कुलदीप शामिल थे।

उक्त टीम ने पिछले कल उक्त युवती को रुद्रपुर से खोज निकाला है। डी.एस.पी. देहरा अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना हरिपुर की टीम का कार्य बेहद सराहनीय है जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए 650 कि.मी. दूर उक्त इलाके में जाकर इस कार्य को अति शीघ्र पूरा करने में सफलता हासिल की है। इससे पूर्व भी यह लड़की घर से भागी हुई है, उस समय भी पुलिस ने इसे पकड़ कर परिजनों के हवाले किया है। गत दिवस एक बार फिर पुलिस ने इस युवती को उत्तराखंड के रुद्रपुर से पकड़ कर परिजनों के हवाले कर दिया है। लड़की के परिजनों ने पुलिस का धन्यवाद किया है।

Samagra Sikhsha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *