कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए हिमाचल आएगी DGCA की टीम
धर्मशाला, अगस्त 9 : प्रदेश के पर्यटन के लिए महत्वाकांक्षी कांगड़ा हवाई अड्डा विस्तार के लिए अब सुरक्षा के लिहाज से सर्वे किया जाएगा। यह सर्वे डायरैक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) द्वारा किया जाएगा। डीजीसीए टीम द्वारा सुरक्षा के लिहाज से किए जाने वाले सर्वे में सब सही पाया जाता है तो एयरपोर्ट विस्तार की आगामी प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। इसमें उसी प्रपोजल के तहत कार्य को आरंभ किया जाएगा जोकि जिला प्रशासन द्वारा सरकार को भेजा गया है। हालांकि इससे पहले ऑब्सटेकल लिमिटेशन सरफेस (ओएलएस) सर्वे किया गया था जोकि प्रपोजल के अनुसार सही पाया गया है। ओएलएस सर्वे में सही पाए जाने के बाद अब डीजीसीए की स्टडी पर जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार की निगाहें टिकी हुई हैं। एयरपोर्ट के विस्तार को प्रपोजल तैयार करने के बाद ओएलएस तथा डीजीसीए का सुरक्षा के लिहाज से किए जाने वाले सर्वे महत्वपूर्ण हैं।
कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार को लेकर लंबे समय से मांग उठ रही है। इस एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर जिला प्रशासन ने इसकी जदद में आने वाले चिन्हित क्षेत्रों में सरकारी, निजी भूमि के अलावा भवनों, दुकानों तक की पूरी रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंप दी है। मौजूदा समय में एयरपोर्ट का रन-वे 1370 मीटर लंबा व 30 मीटर चौड़ा है। एयरपोर्ट में 2 बड़े जहाजों को पार्क करने की व्यवस्था है। विस्तार के बाद हवाई पट्टी को 3000 मीटर बनाने की योजना है। जिला प्रशासन ने पिछले वर्ष फरवरी माह में सर्वे किया था।

जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए 2 तरह की स्टडी होनी थी। इसमें एक स्टडी हो गई है जबकि दूसरी स्टडी अभी होनी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा ओएलएस स्टडी की जा चुकी है, जोकि एयरपोर्ट विस्तार के लिए सही पाई गई है। अब डीजीसीए द्वारा सिक्योरिटी ऑडिट किया जाना है। अभी तक डीजीसीए की टीम ऑडिट के लिए नहीं आई है। प्रदेश सरकार द्वारा एयरपोर्ट विस्तार को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए सिक्योरिटी ऑडिट के बाद ही आगामी प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।
एयरपोर्ट विस्तार के चलते इच्छी, रच्छियालू, कुठमां, सनौरां, गग्गल, पुराना मटौर व सलांगड़ी क्षेत्र प्रभावित होंगे। इतना ही नहीं प्रभावित होने वाले क्षेत्रों के लोगों ने एयरपोर्ट विस्तार के विरोध में आंदोलन भी शुरू किया था।

