पालमपुर में भी शिमला की तर्ज पर मालरोड बनाने की तैयारी
पालमपुर : शिमला तथा सोलन की तर्ज पर पालमपुर में मालरोड विकसित किए जाने को लेकर नगर निगम की बैठक में मंथन किया गया। इस संबंध में पालमपुर प्रशासन ने प्रस्ताव तैयार किया जिसे मूर्त रूप देने के लिए प्रशासन पहले ही व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर चुका है। इसके पश्चात इसे लेकर 31 जुलाई तक सुझाव तथा आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। अब नगर निगम की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई है। बैठक में विधायक आशीष बुटेल, उपमंडल अधिकारी (ना.) डॉ. अमित गुलेरिया, नगर निगम आयुक्त विनय धीमान, महापौर पूनम बाली, उपमहापौर अनीश नाग व उपमंडल पुलिस अधिकारी मोहन रावत सहित पार्षद उपस्थित रहे।
मिली जानकारी अनुसार बैठक में मालरोड विकसित करने से पहले पार्किंग की व्यवस्था पर चर्चा की गई, ऐसे में संयुक्त कार्यालय परिसर की पार्किंग को सायं साढ़े 5 बजे से 8 बजे तक की अवधि तक नि:शुल्क करने के साथ-साथ पुराने एसडीएम कार्यालय के समक्ष उपलब्ध स्थान पर भी वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने पर मंथन किया गया। बताया जा रहा है कि इस प्रस्ताव को सिरे चढ़ाने के लिए स्थानीय लोगों की राय भी लेने के उपरांत प्रशासनिक अधिकारी तथा नगर आयुक्त समीक्षा करेंगे।

