हमीरपुर: भूख-प्यास से तड़पकर कर पांच मवेशी की मौत
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के उपमंडल सुजानपुर की ग्राम पंचायत रंगड़ के सनु खुर्द गांव के जंगल में बंधे पांच गोवंश की भूख-प्यास से तड़पकर मौत हो गई है। जबकि तीन पशुओं को स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने बचा लिया है। इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छानबीन की है। पुलिस ने गोशाला संचालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू का दी है। वहीं गोशाला संचालक फरार चल रहा है।
सनु खुर्द वार्ड नंबर-5 पंचायत प्रधान ने बताया कि गांव के त्रिलोक कुमार पर आरोप है कि उसने पशुओं को बांध रखा था। पशुपालन विभाग ने पशुओं का पोस्टमार्टम कर दिया है। गोशाला में धीरे-धीरे पशुओं की संख्या कम हो रही थी। जिस पर ग्रामीणों को शक था। उधर, पुलिस थाना सुजानपुर के जांच अधिकारी एएसआई मदन लाल शर्मा ने बताया कि पशु क्रूरता अधदिनियम के तहत त्रिलोक कुमार के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी घर पर नहीं मिला है। उपमंडल अधिकारी नागरिक शिल्पी बेक्टा ने कहा कि अधिकारियों को मौके पर भेजा है व पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है।

